जनता दरबार में जिलाधिकारी ने सुनी 99 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

“सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत आयोजित “जनता के दरबार में जिलाधिकारी” कार्यक्रम में सोमवार को जिलाधिकारी ने 99 लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक सोमवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में सबसे अधिक मामले राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग से संबंधित प्राप्त हुए।

 

जनता दरबार के दौरान गरखा के एक आवेदक ने गांव के दो पक्षों के विवाद के कारण बाधित आम रास्ते को अवरोधमुक्त रखने संबंधी अनुमंडल पदाधिकारी के आदेश का अनुपालन नहीं होने की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी को तत्काल आदेश का पालन सुनिश्चित करते हुए आम रास्ते को पूर्व की भांति चालू कराने का निर्देश दिया।

 

वहीं दरियापुर की एक महिला ने बैनामा की गई जमीन का दाखिल-खारिज नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी दरियापुर को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

 

तरैया के एक आवेदक ने अपने घर जाने वाले रास्ते को पट्टीदारों द्वारा बाधित किए जाने की शिकायत की। इस मामले में जिलाधिकारी ने अंचलाधिकारी तरैया को जांच कर उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

 

मढ़ौरा के एक व्यक्ति ने राशन कार्ड से नाम हटाए जाने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारी मढ़ौरा को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

 

इसके अलावा अन्य आवेदनों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है।