News4Bihar (सारण): प्रखंड के लौवां गांव स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में नौ दिवसीय भव्य महायज्ञ का शुभारंभ शुक्रवार को विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ ध्वज स्थापना कर किया गया। इस महायज्ञ में भगवान गणेश, राम-जानकी, लक्ष्मण एवं राधा-कृष्ण की प्राण-प्रतिष्ठा का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल है।
यज्ञाचार्य गायत्री नंदन शास्त्री के सान्निध्य में मुख्य यजमान मनोज सिंह एवं उनकी धर्मपत्नी पुतुल देवी ने पूरे विधि-विधान से ध्वज स्थापना की। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूजा-अर्चना में भाग लिया।
आयोजकों के अनुसार यह महायज्ञ 24 अप्रैल तक चलेगा। आयोजन के दौरान अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भजन गायक पंडित पवन तिवारी (मध्य प्रदेश) अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगे, वहीं प्रसिद्ध श्रीमद्भागवत कथा वाचक अर्जुन आनंद (राजस्थान) कथा प्रवचन के माध्यम से भक्तों को धर्म और अध्यात्म का संदेश देंगे।
इसके अलावा दरभंगा की रामलीला मंडली द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी की जाएगी, जिससे आयोजन स्थल पर हर दिन भक्ति, संगीत और सांस्कृतिक रंगों का संगम देखने को मिलेगा।
महायज्ञ को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण व्याप्त है और दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है।









