News4Bihar/सारण : एच.आर. कॉलेज, अमनौर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन सोमवार को स्वयंसेवकों द्वारा स्वच्छता को लेकर जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से खुले में शौच से मुक्ति, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया गया।रैली में शामिल सैकड़ों स्वयंसेवकों ने “स्वच्छ भारत, सुंदर भारत”, “क्लीन इंडिया, ग्रीन इंडिया” जैसे नारों के साथ अमनौर गांव एवं बाजार के विभिन्न गलियों में भ्रमण किया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक एवं लोकगीतों के माध्यम से भी स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।प्रातःकालीन सत्र के बाद आयोजित तकनीकी सत्र में वक्ताओं ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर अपने विचार रखे। भारतीय संविधान विशेषज्ञ सोनू कुमार ने “स्वच्छ भारत मिशन” पर चर्चा करते हुए पूर्व की योजनाओं की कमियों पर प्रकाश डाला और महात्मा गांधी के स्वच्छता संबंधी विचारों से अवगत कराया। वहीं पूर्व एनएसएस पदाधिकारी परवेज अहमद ने “जल, जीवन और हरियाली” विषय पर बोलते हुए इसके सामाजिक एवं आर्थिक महत्व को रेखांकित किया।सांस्कृतिक सत्र में स्वयंसेवकों ने नाटक, गीत एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। “स्वच्छ गांव स्वस्थ जीवन” एवं “स्वच्छता का संदेश” जैसे नाटकों का मंचन किया गया, जिसमें कलाकारों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों को प्रभावित किया।कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन स्वयंसेविका कौशर जहां ने किया।










