पटना STF की बड़ी कार्रवाई: टॉप-10 अपराधी शिव गोप गिरफ्तार

   News4Bihar | पटना | राजधानी पटना में पुलिस और STF को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे टॉप-10 अपराधियों में शामिल कुख्यात अपराधी शिव गोप को जक्कनपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी समेत दो दर्जन से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं।

📌 2018 के हत्या मामले में गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, शिव गोप को वर्ष 2018 में हुए एक हत्या कांड के मामले में गिरफ्तार किया गया है। काफी समय से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।

⚠️ दीपक मेहता हत्याकांड में भी आया नाम
जेडीयू नेता और दानापुर नगर उपाध्यक्ष दीपक मेहता हत्याकांड में भी शिव गोप का नाम सामने आया था। 28 मार्च 2022 को कार्बाइन से दीपक मेहता की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में शामिल शूटर ने खुलासा किया था कि जमीन विवाद को लेकर शिव गोप और उसके साथी रवि गोप ने 7 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई थी।

🔥 2024 में श्मशान घाट से दबोचा गया था
बताया जाता है कि वर्ष 2024 में शिव गोप, पूर्व राजद विधायक रीतलाल यादव के पिता के दाह संस्कार में शामिल होने दीघा घाट पहुंचा था। इसी दौरान STF और पटना पुलिस ने उसे दबोच लिया था।

📍 90 के दशक से कायम था दबदबा
सूत्रों के मुताबिक, 90 के दशक में मीठापुर समेत पटना के कई इलाकों में शिव गोप का खासा दबदबा रहा है। उसके खिलाफ राजधानी के विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।