ईमानदार सेवा को सलाम: इसुआपुर सीएचसी में अनिल कुमार मांझी को भावभीनी विदाई, कार्यकाल को बताया अविस्मरणीय

  News4Bihar/ इसुआपुर (छपरा): सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इसुआपुर में स्वास्थ्य प्रशिक्षक अनिल कुमार मांझी के सेवानिवृत्ति उपरांत मंगलवार को विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का माहौल भावुक होने के साथ-साथ सम्मान और सराहना से भरा रहा।

इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं गणमान्य लोगों ने श्री मांझी को अंगवस्त्र, बुके, गुलदस्ता एवं अन्य उपहार देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. तूलिका कुमारी ने की, जबकि संचालन बीबीडीएस रंजन कुमार सिंह ने किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने अनिल कुमार मांझी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें एक कुशल, कर्तव्यनिष्ठ एवं ईमानदार स्वास्थ्य अधिकारी बताया। पूर्व चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. बिजय किशोर ने कहा कि “अनिल जी ने अपने पूरे कार्यकाल में निष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं दीं। स्वास्थ्य के हर क्षेत्र में उनकी पकड़ मजबूत थी और उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।”

मौके पर डॉ. संदीप कुमार, डॉ. अमित कुमार प्रभाकर, डॉ. अंकुश कुमार, डॉ. फ़ैज़ अहमद सम्स, डॉ. सुनील कुमार भक्त, स्वास्थ्य प्रबंधक नवाब अख्तर जिलानी, प्रधान लिपिक मनोज सिंह, वरीय एएनएम प्रियंवदा कुमारी, प्रमिला कुमारी, देव कुमार,संतोष तिवारी, अशोक चौबे समेत कई स्वास्थ्यकर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में सभी ने अनिल कुमार मांझी के सुखद, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।