News4Bihar | इसुआपुर (सारण) प्रखंड क्षेत्र में किसानों की फसलों को लगातार नुकसान पहुंचा रहे नीलगायों के आतंक से राहत दिलाने के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार नीलगायों को मारने का अभियान शुरू कर दिया गया है। सोमवार को इस अभियान की शुरुआत इसुआपुर पंचायत से की गई, जहां विशेषज्ञ शूटरों की टीम ने 48 नीलगायों को मार गिराया।
बताया जाता है कि वर्ल्ड लाइफ ट्रैंक्विलाइज़ फोर्स के विशेषज्ञ शूटर नवाब सफात अली खान, अवकाश कुमार और कुमुद कुमार की टीम द्वारा अभियान चलाया जा रहा है। टीम ने सोमवार को अलग-अलग इलाकों में दर्जनों नीलगायों को शूट किया। समाचार प्रेषण तक रामपुर अटौली पंचायत में भी नीलगायों को मारने का अभियान जारी था।
शूटरों की टीम ने बताया कि मारी गई नीलगायों को दफनाने की जिम्मेदारी संबंधित पंचायतों के मुखियाओं को दी गई है, ताकि किसी प्रकार की महामारी फैलने की आशंका न रहे।
इस कार्रवाई से प्रखंड के किसानों में काफी खुशी देखी जा रही है। किसानों का कहना है कि नीलगायों के झुंड खेतों में घुसकर फसलों को पूरी तरह बर्बाद कर देते थे। फसल तैयार होते ही नीलगायें उसे खा जाती थीं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता था। कई किसानों ने बताया कि स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि उनके सामने परिवार के पालन-पोषण तक का संकट खड़ा हो गया था।
किसानों ने सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए कहा कि अब उन्हें उम्मीद है कि उनकी मेहनत से तैयार होने वाली फसल सुरक्षित रह सकेगी। साथ ही उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए मीडिया कर्मियों का भी आभार जताया।
अभियान के दौरान इसुआपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रहमानी, रामपुर अटौली पंचायत के मुखिया धनंजय पांडेय, वनपाल धर्मेंद्र कुमार राय, वनरक्षक सुजीत कुमार राम सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।










