Desk : Akhilesh Yadav ने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री Mamata Banerjee से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा ने बंगाल में लोकतंत्र को तहस-नहस कर दिया है और चुनाव को प्रभावित करने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग किया गया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि ममता बनर्जी आधी आबादी का प्रतिनिधित्व करती हैं, इसलिए भाजपा उन्हें निशाना बनाती है। उन्होंने भाजपा को “महिला विरोधी” बताते हुए कहा कि पार्टी की सोच सामंती और पुरुषवादी है।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने वही रणनीति अपनाई, जिसका “ट्रायल” उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव और उपचुनाव में पहले किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यूपी उपचुनाव में पुलिस के जरिए समाजवादी पार्टी समर्थकों को वोट डालने से रोका गया था और मतदाताओं को डराने-धमकाने का काम हुआ।
उन्होंने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव नहीं हो रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए सभी विपक्षी दलों को एकजुट होना होगा और इस लड़ाई में समाजवादी पार्टी ममता बनर्जी के साथ खड़ी है।
उन्होंने भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव में “मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया” की तरह काम किया गया और कई संस्थाओं ने अपनी साख खो दी। बंगाल में हो रही हिंसा को लेकर भी उन्होंने केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों पर सवाल उठाए।
इससे पहले अखिलेश यादव ने कोलकाता स्थित कालीघाट आवास पर ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया और कहा, “आप हारी नहीं हैं।” बैठक में Abhishek Banerjee भी मौजूद रहे।










