नई दिल्ली। आरक्षण आंदोलन में अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीद पवन साहनी की 36वीं पुण्यतिथि के अवसर पर हरि नगर स्थित सिग्नेचर होटल में भजन संध्या एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक प्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने शामिल होकर शहीद पवन साहनी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया।
कार्यक्रम का आयोजन शहीद पवन साहनी मेमोरियल सोसाइटी एवं साहनी टाइम्स परिवार के अध्यक्ष प्रवेश साहनी की ओर से किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने शहीद पवन साहनी के संघर्ष और योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमिटी के पूर्व अध्यक्ष एवं सांसद जयप्रकाश अग्रवाल, पूर्व सांसद महाबल मिश्रा, दिल्ली छावनी के पूर्व चेयरमैन पार्षद अनिल मित्तर, खुखुराइन वर्ल्ड ब्रदरहुड के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं टीआर मोटर के एमडी राजीव साहनी, दिल्ली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आर.एन. वत्स, पूर्व विधायक राजकुमारी ढिल्लों, पूर्व पार्षद सुरेंद्र सेतिया, दिल्ली नगर निगम लाइसेंस डिप्टी चेयरमैन राजेश कुमार लाडी, वेस्ट जोन की पूर्व चेयरमैन निर्मला कुमारी, वेस्ट जोन की डिप्टी चेयरमैन डिंपल दीपक आहूजा, निगम पार्षद सुनील चड्डा, पार्षद अशोक माणू और दिल्ली महिला आयोग की सदस्य रेनू भल्ला समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सूफी भजनों से भावुक हुआ माहौल
भजन संध्या के दौरान सूफी गायक विनोद साईं ने भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति से कार्यक्रम स्थल का माहौल भावुक हो गया। उपस्थित लोगों ने शहीद पवन साहनी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने शहीद पवन साहनी के संघर्ष और योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि उनका बलिदान समाज के लिए स्मरणीय है और आने वाली पीढ़ियां भी उनके योगदान को सम्मान एवं कृतज्ञता के साथ याद करेंगी।
कार्यक्रम में भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से जुड़े नेताओं एवं सामाजिक प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने साहनी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की तथा शहीद पवन साहनी की स्मृति को जीवंत रखने के लिए किए जा रहे प्रयास की सराहना की।
प्रवेश साहनी ने कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अतिथियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।









