रूपेश मिश्रा, कटिहार | मनिहारी नगर पंचायत क्षेत्र में बाढ़ का पानी धीरे-धीरे कम होने के बावजूद प्रभावित परिवारों की परेशानी अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। इसी को देखते हुए मनिहारी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर्फ लाखों यादव की ओर से निजी कोष से लगातार बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री और सूखा राशन का वितरण किया जा रहा है। रविवार को सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव की मौजूदगी में नगर पंचायत के वार्ड नंबर 9 के विभिन्न टोलों में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन एवं राहत सामग्री वितरित की गई। इस दौरान वार्ड नंबर 9 के पंडित टोला, ब्राह्मण टोला, आजमपुर गोला, रविदास टोला, मुस्लिम टोला, चौधरी टोला, यादव टोला एवं पासवान टोला में जरूरतमंद बाढ़ पीड़ित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाई गई। राहत सामग्री मिलने पर प्रभावित परिवारों ने राहत की सांस ली। मौके पर कटिहार सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कहा कि मनिहारी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर्फ लाखों यादव बाढ़ आने के बाद से ही लगातार प्रभावित लोगों के बीच पहुंचकर उनकी मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य पार्षद की ओर से विशेष रूप से निजी कोष से सूखा राशन और अन्य राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी भले ही धीरे-धीरे कम हो रहा है, लेकिन प्रभावित परिवारों की मुश्किलें अभी कम नहीं हुई हैं। कई इलाकों में लोगों को भोजन, पशु चारा और अन्य जरूरी सामान की आवश्यकता बनी हुई है। ऐसे में बाढ़ पीड़ितों की जरूरत को देखते हुए राहत सामग्री का वितरण लगातार जारी रखा जा रहा है। सांसद प्रतिनिधि ने बताया कि बीते कई दिनों से मनिहारी नगर पंचायत के अलग-अलग इलाकों में मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर्फ लाखों यादव की ओर से राहत सामग्री का वितरण कराया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को वार्ड नंबर 9 के विभिन्न टोलों में पहुंचकर बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन और राहत सामग्री बांटी गई।
उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा के समय प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा रहना जरूरी है। राहत कार्य आगे भी जरूरत के अनुसार जारी रखने की बात कही गई। मौके पर पंकज यादव, सहदेव यादव, राजेंद्र पासवान, गजेंद्र यादव, अवधेश यादव, मुकेश पासवान, ललन शाह, रंजीत शाह, मुकेश नविदास, मनोज यादव, इंद्रदेव पासवान, रवि पासवान सहित कई बुद्धिजीवी लोग मौजूद रहे।









