नई दिल्ली। प्रधानमंत्री Narendra Modi की सरकार में केंद्रीय राज्य मंत्री George Kurian ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राष्ट्रपति Droupadi Murmu ने प्रधानमंत्री की सलाह पर उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत जॉर्ज कुरियन का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा स्वीकार किया गया है।
जॉर्ज कुरियन अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय तथा मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत थे। उनका राज्यसभा कार्यकाल हाल ही में समाप्त हुआ था, जिसके बाद उनके इस्तीफे की चर्चा तेज हो गई थी।
राजनीतिक गलियारों में अब इस इस्तीफे को संभावित केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मोदी सरकार अपने मंत्रिमंडल में कुछ बड़े बदलाव कर सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक किसी व्यापक फेरबदल की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
जॉर्ज कुरियन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और पार्टी के अल्पसंख्यक समुदायों, विशेषकर ईसाई समाज के बीच जनाधार बढ़ाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
जॉर्ज कुरियन के इस्तीफे के बाद अब सबकी नजरें मोदी कैबिनेट में संभावित फेरबदल पर टिकी हैं।










