रूपेश मिश्रा, कटिहार पूर्व मंत्री स्वर्गीय महेंद्र नारायण यादव के छोटे भाई सिकंदर यादव के निधन पर कटिहार सांसद तारिक अनवर एवं उनके सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उनके निधन की खबर से परिजनों, शुभचिंतकों और क्षेत्र के लोगों में शोक की लहर है।
सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने मनसाही प्रखंड के मोहनपुर स्थित सिकंदर यादव के आवास पर पहुंचकर उनके पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन किए और श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा दुख की इस घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
सुनील कुमार यादव ने कहा कि सिकंदर यादव का निधन अत्यंत दुखद है। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ समाज को भी अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि सिकंदर यादव सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने वाले व्यक्ति थे। उनके निधन से क्षेत्र के लोगों को भी गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
वहीं सांसद तारिक अनवर ने भी सिकंदर यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवार के साथ हैं।
सिकंदर यादव के निधन पर कांग्रेस नेता दिलीप विश्वास, राजद नेत्री वंदना यादव, प्रो. सुनील भारती, प्रो. विनोद यादव, अवधेश मंडल, प्रहलाद गुप्ता, संजय सिंह, आम्रपाली यादव, फिरोज कुरैशी, भोला यादव, सुबोध यादव, रिंकू मिश्रा, पंकज तंबाकूवाला, टुनटुन यादव और अधीर कुमार समेत अन्य लोगों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की। मौके पर सिकंदर यादव के पुत्र निर्भय कुमार यादव, लाल बहादुर यादव और शेखर यादव मौजूद थे।










