रूपेश मिश्रा : कटिहार। नगर निगम कटिहार में नागरिकों की समस्याओं एवं विभिन्न सेवाओं से संबंधित आवेदनों के त्वरित और समयबद्ध निष्पादन को लेकर शुक्रवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक नगर आयुक्त के कक्ष में शाम 4:30 बजे हुई।
बैठक में Sahyog RTMS Portal पर ऑनलाइन तथा विभिन्न सहयोग शिविरों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की प्रगति की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से आवेदनों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त ने कहा कि नागरिकों से प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन के निष्पादन में अनावश्यक देरी नहीं हो तथा सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। नगर निगम द्वारा नागरिकों को बेहतर एवं सुगम सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग शिविरों और ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त आवेदनों की लगातार समीक्षा की जा रही है।









