रूपेश मिश्रा | न्यूज4बिहार : कटिहार जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सक्रिय हैं। सड़क संपर्क बाधित होने वाले दियारा और निचले क्षेत्रों में नौका एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल टीम पहुंचकर लोगों की स्वास्थ्य जांच कर रही है। बीमार लोगों को आवश्यक उपचार और दवाएं उपलब्ध कराई जा रही है।
बाढ़ के बीच गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर विशेष नजर रखी जा रही है। प्रसव के नजदीक पहुंच चुकी गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
मेडिकल टीम लोगों को जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, दूषित पानी और भोजन से बचने तथा बीमारी के लक्षण दिखने पर तत्काल स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क करने की सलाह दे रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नौका एंबुलेंस स्वास्थ्य सेवा की जीवनरेखा बनी हुई है।










