News4Bihar | रूपेश मिश्रा, कटिहार : मनिहारी प्रखंड स्थित आईटीआई कॉलेज में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बिहार के मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा किया गया। इस दौरान कटिहार के जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी एवं पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास समेत अन्य समस्याओं के समाधान के लिए विद्यार्थी सहयोग पोर्टल sahyog.bihar.gov.in शुरू किया गया है। विद्यार्थी इस पोर्टल के माध्यम से अपनी समस्याएं एवं सुझाव निर्भीक होकर दर्ज करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ निश्चय के तहत प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है।
30 दिनों के अंदर शिकायत के निष्पादन का प्रावधान
पुलिस अधीक्षक परिचय कुमार ने विद्यार्थियों को बताया कि विद्यार्थी सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी के लिए नि:शुल्क हेल्पलाइन नंबर 1100 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से कभी भी अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायत दर्ज होने के बाद 30 दिनों के अंदर उसके निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवेदक को लिखित रूप से सूचना देने की व्यवस्था की गई है।
छात्रों ने किया पहल का स्वागत
शिविर में मौजूद छात्र-छात्राओं ने सरकार की इस पहल का स्वागत किया। विद्यार्थियों ने उम्मीद जताई कि इस व्यवस्था के माध्यम से उनकी समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान हो सकेगा।
कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा), आईटीआई कॉलेज के प्रधानाचार्य समेत अन्य संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।










