टीबी मुक्त भारत अभियान: कटिहार में 50 युवा स्वयंसेवक बनेंगे जागरूकता दूत।

News4Bihar | रूपेश मिश्रा |कटिहार। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत माय भारत एवं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के सहयोग से कटिहार में छह दिवसीय अनुभवात्मक अधिगम कार्यक्रम शुरू हुआ। 19 से 24 अगस्त तक जिला यक्ष्मा केंद्र, सदर अस्पताल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को टीबी की पहचान, जांच, उपचार, बचाव और जागरूकता के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

कटिहार के पांच प्रखंडों के पांच गांवों से कुल 50 युवा स्वयंसेवकों को अभियान से जोड़ा गया है। इनमें 10 स्वयंसेवकों को छह दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि 40 स्वयंसेवक अपने-अपने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आयोजित ‘टीबी को जानें’ सत्र में भाग लेकर टीबी के लक्षण, जांच, उपचार, पोषण और बचाव की जानकारी प्राप्त करेंगे।

चयनित गांवों में कवार-मुशहरी टोला (बरारी), कोटा करीमगंज (बारसोई), दिलारपुर (मनिहारी), खेरिया वार्ड संख्या 5 एवं 6 (कोढ़ा) और खैरा (समेली) शामिल हैं।

प्रशिक्षण के बाद 10 प्रशिक्षित युवा अपने गांवों में टीबी जागरूकता गतिविधियों का नेतृत्व करेंगे और लोगों को समय पर जांच व नियमित उपचार के लिए प्रेरित करेंगे। वहीं, 40 अन्य स्वयंसेवक भी समुदाय तक टीबी से जुड़ी सही जानकारी पहुंचाने में सहयोग करेंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को टीबी उन्मूलन का जागरूकता दूत बनाकर गांव-गांव तक टीबी के प्रति जागरूकता पहुंचाना और लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर करना है। कार्यक्रम में जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. अशरफ रिजवी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं माय भारत के युवा स्वयंसेवक मौजूद रहे।