News4Bihar | रूपेश मिश्रा, (कटिहार): स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इस वर्ष कटिहार जिले में “हर घर तिरंगा अभियान-2026” को “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” की थीम पर व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने विस्तृत आदेश जारी करते हुए सभी विभागों और अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना को मजबूत करना तथा अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। इसके तहत जिले के सभी प्रखंडों और पंचायतों में राष्ट्रीय ध्वज की उपलब्धता, वितरण और विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा रैली, सेल्फी विद तिरंगा, तिरंगा रंगोली, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, चित्रकला, निबंध प्रतियोगिता, ऑनलाइन क्विज, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सरकारी भवनों की त्रिवर्णीय प्रकाश सज्जा और जनजागरूकता अभियान आयोजित किए जाएंगे।
जीविका के माध्यम से प्रत्येक प्रखंड में कम से कम 4,000 राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनका वितरण पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम लोगों के बीच किया जाएगा। साथ ही लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
12 अगस्त 2026 को जिला मुख्यालय में भव्य तिरंगा रैली निकाली जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राएं, युवा, सामाजिक संगठन, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड, मेरा युवा भारत और विभिन्न विभागों की सहभागिता रहेगी।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि अभियान के सभी कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा फोटो, वीडियो और गतिविधियों की रिपोर्ट प्रतिदिन www.harghartiranga.com पर अपलोड की जाए। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी को प्राथमिकता देते हुए अभियान को जिले के जन-जन तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के साथ मनाया जा सके।










