भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच कटिहार जंक्शन पर किया गया अभ्यास

News4Bihar: भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए देशभर में हाई अलर्ट जारी है। इसी क्रम में केंद्र सरकार के निर्देश पर शाम देश के कई जिलों में ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। कटिहार जंक्शन पर भी सुरक्षा के मद्देनज़र शाम 7 बजे से 7.10 बजे तक सभी ट्रेनों के परिचालन को अस्थायी रूप से रोका गया और पूरे स्टेशन की लाइट बंद कर दी गई। इसका उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में सुरक्षा व्यवस्था का परीक्षण करना था। इस मॉक ड्रिल का नेतृत्व पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम सुरेंद्र प्रसाद ने किया। ड्रिल के दौरान स्टेशन पर आग लगने की स्थिति से निपटने के उपायों का भी अभ्यास किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इस दौरान यह भी समझाया गया कि अगर किसी व्यक्ति को कोई चोट लगे या आग लगे या जान-माल का नुकसान हो तो तुरंत बचाव और राहत कैसे पहुंचाई जाए। डीआरएम सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि यह ड्रिल केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह तैयार रहें। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन, रेलवे कर्मचारी और आम जनता ने मॉक ड्रिल में बढ़-चढ़कर भाग लिया और इसे सफल बनाने में पूरा सहयोग दिया। देश के मौजूदा हालात को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और ऐसे अभ्यास बेहद जरूरी माने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *