छपरा जहरीली शराब कांड: ‘मास्टरमाइंड’ सूरज महतो का एनकाउंटर…

● छपरा जहरीली शराब कांड: ‘मास्टरमाइंड’ सूरज महतो का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली; कटिहार से पकड़कर लाई थी टीम

छपरा (सारण):जिले के मशरक और पानापुर थाना क्षेत्र के बॉर्डर इलाके से जहरीली शराब कांड को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पुलिस और शराब माफियाओं के बीच हुई मुठभेड़ में जहरीली शराब कांड के कथित मास्टरमाइंड को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान पानापुर थाना क्षेत्र के मेथौरा गांव निवासी मुन्नी महतो के 26 वर्षीय पुत्र **सूरज महतो** के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार हाल ही में जिले में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य लोग बीमार पड़ गए थे। जांच के दौरान सामने आया कि जहरीली शराब की सप्लाई सूरज महतो द्वारा की गई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने उसे कटिहार से गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के बाद छपरा लाई। इसके बाद शराब की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उसे लेकर मशरक-पानापुर बॉर्डर इलाके में छापेमारी करने पहुंची थी।

बताया जाता है कि इसी दौरान उसके सहयोगियों ने आरोपी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सूरज महतो के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार गोली उसके पैर में लगी है और फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है।

इधर पुलिस जहरीली शराब कांड से जुड़े अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

रिपोर्ट:कन्हैया कुमार सिंह, सारण