मढ़ौरा (सारण)। बिहार के सारण जिले के मढ़ौरा थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव में शादी के बाद एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां सलामी में मिले रुपये गिनने के दौरान दूल्हे से बार-बार गलती होने पर दुल्हन ने उसके साथ ससुराल जाने से इनकार कर दिया। देखते ही देखते शादी की खुशियां विवाद में बदल गईं और मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शादी की रस्में पूरी होने के बाद जब सलामी में मिले रुपये गिनने की बारी आई तो दूल्हा बार-बार रुपये गिनने में गलती करने लगा। इस पर दुल्हन ने उसकी समझने की क्षमता पर संदेह जताया और ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया।
दुल्हन के इस फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। मामला बढ़ने पर गांव के सरपंच, पंचगण और पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराई गई। काफी समझाने-बुझाने के बाद समझौता हुआ, जिसके तहत वर पक्ष की ओर से दिए गए उपहार और सामान वापस कर दिए गए।
आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। शादी के बाद सामने आए इस अनोखे विवाद की चर्चा अब पूरे इलाके में हो रही है।









