एकमा (सारण)। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने को लेकर एकमा प्रखंड एवं नगर पंचायत प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. अरुण कुमार, एकमा थानाध्यक्ष राम बालक यादव और रसूलपुर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से प्रखंड क्षेत्र के सभी 54 छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सामान्य श्रेणी के 24, अतिसंवेदनशील श्रेणी के 16 और संवेदनशील श्रेणी के 14 छठ घाटों का जायजा लिया गया। अधिकारियों ने घाटों पर साफ-सफाई, उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, पहुंच मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की स्थिति का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
प्रशासन की ओर से विभिन्न छठ घाटों पर पंचायत सचिव, राजस्व कर्मियों, चौकीदारों और किसान सलाहकारों सहित अन्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अंचलाधिकारी रवि शेखर के कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार प्रतिनियुक्त कर्मियों को अपने निर्धारित घाटों पर उपस्थित रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करना है। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने के साथ सशस्त्र बलों की तैनाती भी की गई है।
इस दौरान बोहटा नदी, पोखरों, तालाबों, नहरों तथा मौज बाबा पोखरा, गंजपर पोखरा, भरहोपुर पोखरा, राजापुर तालाब, पांडेय छपरा पोखरा, परसागढ़, पचुआ, छित्रवलिया, रामपुर बिंदलाल, एकसार, हरपुर, फुचटी कला और हंसराजपुर सहित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने जहां भी साफ-सफाई, पहुंच मार्ग अथवा अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी पाई गई, वहां समय रहते व्यवस्था दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।
प्रतिनियुक्त कर्मियों को निर्धारित तिथि पर अपने-अपने घाटों पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को देने को कहा गया है।
बीडीओ, सीओ, आरओ, एसडीपीओ सदर-2 एकमा, एकमा एवं रसूलपुर थानाध्यक्ष, नगर पंचायत एकमा बाजार की मुख्य पार्षद श्वेता रानी, कार्यपालक पदाधिकारी रमन राज, प्रखंड प्रमुख अंजू देवी और एकमा विधायक मनोरंजन सिंह धूमल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से छठ महापर्व के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने नदी और तालाबों में अधिक गहराई तक जाने से बचने, बच्चों को जलाशयों के किनारे अकेले नहीं जाने देने तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। प्रशासन का लक्ष्य महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।









