नगर निगम की योजनाओं में देरी पर महापौर सख्त, समयसीमा में काम पूरा करने का निर्देश।

रूपेश मिश्रा | कटिहार नगर निगम क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर सोमवार को महापौर ऊषा देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। महापौर कक्ष में आयोजित बैठक में उप महापौर, नगर आयुक्त संतोष कुमार समेत अभियंता, संबंधित अधिकारी और योजनाओं से जुड़ी एजेंसियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं की वर्तमान स्थिति, लंबित कार्यों और मिसिंग लिंक से जुड़े कार्यों की योजनावार समीक्षा की गई। महापौर ने संबंधित अधिकारियों और एजेंसी प्रतिनिधियों से कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए लंबित योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया।

महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी लंबित और मिसिंग लिंक कार्यों को चिन्हित कर निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा कराने तथा निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने को कहा।

बैठक में वार्ड संख्या 25 और 45 के पीड़ित लोगों की समस्याओं पर भी चर्चा की गई। संबंधित अधिकारियों को मामलों की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं के समाधान की दिशा में पहल करने का निर्देश दिया गया।

महापौर ने कहा कि नगर निगम की विकास योजनाओं का सीधा लाभ आम लोगों तक पहुंचना चाहिए। योजनाओं में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।