ऑपरेशन सतर्क में ट्रेन से 104 लीटर शराब बरामद।

रूपेश मिश्रा, कटिहार(बिहार) अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सतर्क के तहत आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त टीम ने शनिवार को कटिहार रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई की। टीम ने पूर्वोत्तर संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के बी-1 कोच से 104.700 लीटर विदेशी शराब बरामद की। बरामद शराब की कीमत करीब 62,810 रुपये आंकी गई है।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट कटिहार ईस्ट और सीआईबी कटिहार की टीम को ट्रेन संख्या 22449 में शराब ले जाने की सूचना मिली थी। ट्रेन के कटिहार स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या पांच पर करीब 5:30 बजे पहुंचने के बाद टीम ने बी-1 कोच में बर्थ संख्या एक से आठ के आसपास तलाशी ली। इस दौरान आठ लावारिस बैग मिले। बैगों की जांच करने पर उनमें विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब बरामद हुई।

शराब पर किसी यात्री ने अपना दावा नहीं किया। इसके बाद बरामद शराब को आवश्यक कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, कटिहार को सौंप दिया गया। मामले में उत्पाद विभाग ने कांड संख्या 373/2026 दर्ज किया है। उत्पाद अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत कार्रवाई की गई है।