रूपेश मिश्रा, कटिहार। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डंडखोरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार से 117 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को डंडखोरा थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार से अवैध शराब की खेप लेकर केवटिया मोड़ की ओर आ रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने केवटिया मोड़ के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान एक कार सवार व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी की पहचान बारी चौक यादव टोला निवासी 30 वर्षीय विशाल कुमार, पिता स्व. सिताराम यादव के रूप में हुई।
पुलिस ने कार की विधिवत तलाशी ली तो उसमें से कुल 117 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके अलावा आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।










