उफनती गंगा पार कर गोबराही दियारा पहुंचे डीएम, बाढ़ पीड़ितों का जाना हाल।

रूपेश मिश्रा,कटिहार/कुरसेला प्रखंड के गंगा पार स्थित बाढ़ प्रभावित गोबराही दियारा की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी गुरुवार को स्वयं पहुंचे। खेरिया घाट से बड़ी नाव पर सवार होकर उन्होंने उफनती गंगा को पार किया। सुरक्षा के मद्देनजर एसडीआरएफ की तीन मोटरबोट डीएम की नाव के साथ एस्कॉर्ट करती रहीं। उनके साथ मेडिकल टीम भी मौजूद थी।

 

डीएम ने गोबराही दुर्गा स्थान टोला और घाट टोला का भ्रमण कर जलमग्न बस्तियों, विस्थापित परिवारों और पशुचारे की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत और सहायता शीघ्र पहुंचाने का निर्देश दिया।
कम्युनिटी किचन में भोजन की गुणवत्ता परखी
निरीक्षण के दौरान डीएम ने गोबराही में संचालित सामुदायिक रसोई का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और राशन सामग्री के भंडारण की जांच की। रसोई प्रभारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों और बच्चों को समय पर शुद्ध, पौष्टिक एवं गर्म भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम के इस दौरे से गंगा पार बाढ़ से घिरे परिवारों में राहत और भरोसे की उम्मीद जगी है। प्रशासन की ओर से गोबराही दियारा में नियमित रूप से बड़ी सरकारी नावें उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी, जिससे लोगों के आवागमन, सुरक्षित निकासी और राहत सामग्री पहुंचाने में सुविधा होगी।