कटिहार रेलवे स्टेशन पर RPF ने चार नाबालिग बच्चों को किया रेस्क्यू।

रूपेश मिश्रा | कटिहार। कटिहार रेलवे स्टेशन पर RPF की टीम ने अलग-अलग कार्रवाई में लावारिस एवं असहाय स्थिति में मिले चार नाबालिग बच्चों को रेस्क्यू किया। RPF पोस्ट कटिहार ईस्ट, SIB टीम कटिहार और राहत NGO/CHG कटिहार की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-07 से एक नाबालिग बच्चे को बरामद किया।
पूछताछ के दौरान बच्चे ने अपना नाम एमडी हसनैन (13 वर्ष) बताया। उसने बताया कि वह अररिया स्थित एक मदरसा से भागकर कटिहार रेलवे स्टेशन पहुंचा था।
इसी क्रम में RPF पोस्ट कटिहार ईस्ट की मेरी सहेली टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-04 (NJP साइड) से तीन अन्य नाबालिग बच्चों को असहाय स्थिति में रेस्क्यू किया। पूछताछ में पता चला कि तीनों बच्चे अपने अभिभावकों को बिना बताए घर से निकल गए थे। बच्चों की पहचान लव कुमार (12 वर्ष), राजीव रंजन (11 वर्ष) और सोनोज कुमार (12 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों अररिया जिले के खवासपुर गांव के रहने वाले बताए गए हैं।
RPF टीम ने बच्चों से आवश्यक पूछताछ और पहचान संबंधी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी कानूनी औपचारिकताओं एवं दस्तावेजीकरण की कार्रवाई की। इसके बाद चारों नाबालिग बच्चों को बाल कल्याण समिति (CWC), कटिहार के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए भेज दिया गया।