Saran News | जिले में 26 सितंबर तक चलेगा मिशन परिवार विकास अभियान

• 7 से 13 सितंबर तक दम्पति संपर्क सप्ताह

• 14 से 26 सितंबर तक परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा

छपरा। परिवार नियोजन सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और योग्य दम्पतियों को उनकी पसंद के अनुरूप परिवार नियोजन की सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 07 सितंबर से 26 सितंबर 2026 तक “मिशन परिवार विकास अभियान” चलाया जाएगा। राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के कार्यपालक निदेशक अमित कुमार पाण्डेय, भा.प्र.से. ने इस संबंध में सभी जिलों एवं संबंधित स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

दो चरणों में चलेगा विशेष अभियान

अभियान के पहले चरण में 07 से 13 सितंबर 2026 तक “दम्पति संपर्क सप्ताह” तथा दूसरे चरण में 14 से 26 सितंबर 2026 तक “परिवार नियोजन सेवा पखवाड़ा” आयोजित किया जाएगा। इस दौरान परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत उपलब्ध विभिन्न सेवाओं के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के साथ योग्य दम्पतियों को उनकी इच्छा एवं आवश्यकता के अनुसार परिवार नियोजन सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।

जिला स्तर पर आयोजित होगा उन्मुखीकरण कार्यशाला

अभियान के बेहतर प्रबंधन एवं विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के लिए जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसमें संबंधित विभागों के जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी तथा सलाहकार शामिल होंगे। कार्यशाला के माध्यम से अभियान की गतिविधियों, समुदाय तक पहुंच और परिवार नियोजन सेवाओं को प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने की रणनीति तैयार की जाएगी।

प्रखंड स्तर पर होगी समन्वय बैठक

प्रखंड स्तर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। इसका उद्देश्य समुदाय स्तर पर आमजन को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करना है। इसमें आशा, आंगनबाड़ी सेविका, जीविका दीदी, विकास मित्र सहित अन्य सामुदायिक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

 

जनप्रतिनिधियों और सिविल सोसायटी का लिया जाएगा सहयोग

डीसीएम ब्रजेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि अभियान को जनभागीदारी से प्रभावी बनाने के लिए सांसद, विधायक, पंचायती राज संस्थाओं के सदस्य, शहरी स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि, स्वास्थ्य कर्मी एवं सिविल सोसायटी के सदस्यों से विभिन्न गतिविधियों में सहयोग लिया जाएगा। इनके माध्यम से परिवार नियोजन के प्रति समुदाय में सकारात्मक जागरूकता और स्वीकार्यता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

 

डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

परिवार नियोजन सेवाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं विभिन्न मीडिया चैनलों का व्यापक उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के सहयोग से भी अभियान का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। लोगों को परिवार नियोजन के उपलब्ध विकल्पों, सेवाओं एवं इसके लाभों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

 

सारथी वाहन से प्रखंडों में होगा प्रचार

मिशन परिवार विकास अभियान के दौरान 07 सितंबर से 25 सितंबर 2026 के बीच प्रमंडल अंतर्गत जिलों के विभिन्न प्रखंडों में क्षेत्रीय कार्यक्रम प्रबंधन इकाई के माध्यम से सारथी वाहन द्वारा परिवार नियोजन संबंधी प्रचार-प्रसार कराया जाएगा। इसके जरिए ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक परिवार नियोजन का संदेश पहुंचाने का प्रयास होगा।

 

अवेयरनेस कैंपेनिंग -सह-संगोष्ठी का होगा आयोजन

जिला स्तर पर अवेयरनेस कैंपेनिंग -सह-संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें परिवार नियोजन की अस्थायी एवं स्थायी विधियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही आमजन को परिवार नियोजन के लाभ एवं उपलब्ध सेवाओं के संबंध में परामर्श दिया जाएगा, ताकि योग्य दम्पति अपनी आवश्यकता के अनुसार उपयुक्त परिवार नियोजन विधि का चयन कर सकें।

परिवार नियोजन सेवाओं की पहुंच बढ़ाना मुख्य उद्देश्य

सिविल सर्जन डॉ राजकुमार चौधरी ने बताया मिशन परिवार विकास अभियान का मुख्य उद्देश्य परिवार नियोजन सेवाओं के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाना, योग्य दम्पतियों को उनकी पसंद के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराना तथा परिवार नियोजन के प्रति लोगों को सही जानकारी एवं परामर्श प्रदान करना है। अभियान के माध्यम से छोटा और स्वस्थ परिवार, बेहतर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा गुणवत्तापूर्ण जीवन की दिशा में लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया जाएगा।