एकमा (सारण)। एकमा अंचल कार्यालय में शनिवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में भूमि विवाद से संबंधित मामलों की सुनवाई की गई। अंचलाधिकारी रवि शेखर की अनुपस्थिति में राजस्व पदाधिकारी रामप्रवेश साहू ने फरियादियों की समस्याएं बारी-बारी से सुनीं तथा संबंधित दस्तावेजों व अभिलेखों की जांच की।
जनता दरबार में पूर्व में प्राप्त आवेदनों में से एक मामले का निष्पादन किया गया, जबकि शनिवार को दो नया आवेदन प्राप्त हुआ। अधिकारियों ने फरियादियों को मामलों की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
अंचलाधिकारी एवं राजस्व पदाधिकारी ने कहा कि भूमि संबंधी विवादों के समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह जनता दरबार आयोजित कर शिकायतों की सुनवाई की जा रही है। उन्होंने फरियादियों से अपील की कि शिकायत के साथ संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत करें, ताकि मामले की जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई की जा सके।
जनता दरबार में अंचल कार्यालय के कर्मियों के अलावा विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादी, एकमा व रसूलपुर थानों के कर्मी आदि मौजूद रहे।










