कटिहार। नगर थाना पुलिस ने अवैध नशीली दवाओं के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पटेल चौक स्थित शिव शक्ति फार्मा के समीप छापेमारी की। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया तथा उसके गोदाम की तलाशी के दौरान 13,720 नाइट्राजेपाम टैबलेट और 357 बोतल कोडिनयुक्त कफ सिरप, कुल 37.7 लीटर, बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को सूचना प्राप्त हुई थी कि शिव शक्ति फार्मा के संचालक द्वारा अवैध रूप से कोडिनयुक्त कफ सिरप और नशीली दवाओं का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद नगर थानाध्यक्ष एवं औषधि निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम को देखकर एक व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस बल के सहयोग से उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान संजय कुमार सिन्हा (41), पिता सुरेंद्र प्रसाद सिन्हा, निवासी साठो विजयनगर, दुर्गास्थान, थाना नगर, कटिहार के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उसके गोदाम से बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बिना लाइसेंस और बिल के 51 कार्टन दवाएं भी जब्त
संयुक्त छापेमारी के दौरान औषधि निरीक्षक ने बिना वैध लाइसेंस और बिना बिल के रखी गई 46 प्रकार की दवाओं के कुल 51 कार्टन भी जब्त किए। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 18.97 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, बिना वैध दस्तावेजों के दवाओं के भंडारण और बिक्री के संबंध में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद नशीली दवाओं की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
रिपोर्ट: रूपेश मिश्रा, कटिहार, बिहार










