मनोहरपुर पंचायत में खुला पुस्तकालय, बच्चों और युवाओं को मिलेगा पढ़ाई का बेहतर माहौल

रूपेश मिश्रा, कटिहार :  शिक्षा और बौद्धिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को मनिहारी प्रखंड की मनोहरपुर पंचायत भवन में पंचायत पुस्तकालय का शुभारंभ किया गया। पुस्तकालय का उद्घाटन मनिहारी विधायक मनोहर प्रसाद सिंह और पंचायत की मुखिया शबनम कुमारी यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि शिक्षा समाज की सबसे बड़ी ताकत है। पंचायत स्तर पर पुस्तकालय खुलने से ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिलेगा। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को गांव में ही अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सकेगी।

वक्ताओं ने कहा कि पुस्तकालय ग्रामीण विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ उनके बौद्धिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार की ‘सशक्त समाज, सशक्त पंचायत’ पहल के तहत पंचायतों में पुस्तकालय की स्थापना को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।

कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष सह मुखिया प्रतिनिधि ललन कुमार यादव, बीपीआरओ सोनू गुप्ता, मुखिया संघ अध्यक्ष रामजी यादव, मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, पूर्व मुखिया गोपाल यादव, सरपंच बबली हासदा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।