छपरा (सारण)। जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों तक आवश्यक खाद्य एवं खान-पान सामग्री पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे राहत कार्यों में जीविका दीदियां भी सक्रिय रूप से सहयोग कर रही हैं। इसी क्रम में सारण जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से जुड़ी जीविका दीदियों ने राहत सामग्री की पैकिंग में श्रमदान कर आपदा राहत कार्य में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित इस कार्य में कुल 42 जीविका दीदियां सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रही हैं। दीदियों द्वारा राहत सामग्री को व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से पैक किया जा रहा है, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक आवश्यक सामग्री समय पर पहुंचाई जा सके।
राहत कार्य के दौरान जीविका की जिला स्तरीय टीम एवं प्रखंड कर्मियों द्वारा भी सक्रिय सहयोग किया जा रहा है। मौके पर जिला से प्रबंधक सूक्ष्म वित्त मनोज कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी बबीता कुमारी, छपरा सदर प्रखंड परियोजना प्रबंधक रंजीत कुमार एवं क्षेत्रीय समन्वयक संजय कुमार सहित प्रखंड के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रखंड परियोजना प्रबंधक रंजीत कुमार ने कहा कि बाढ़ जैसी आपदा की स्थिति में जीविका दीदियों का आगे आकर राहत कार्यों में श्रमदान करना उनकी सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक भावना को दर्शाता है। जिला प्रशासन के सहयोग से चल रहे इस कार्य में दीदियां पूरी तत्परता और समर्पण के साथ अपनी भूमिका निभा रही हैं। हमारा प्रयास है कि प्रशासन के राहत कार्यों में हरसंभव सहयोग करते हुए जरूरतमंद परिवारों तक सहायता समय पर पहुंचाने में योगदान दिया जाए।
जीविका दीदियों की यह पहल आपदा की घड़ी में सामुदायिक सहभागिता, सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। इसकी जानकारी जीविका, सारण कार्यालय से दीपक कुमार ने दी है।









