शिक्षक व भोजपुरी गायक शेखर सुमन की मौत, शव मिलते ही घर में मचा कोहराम

News4Bihar | भेल्दी। सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र के शोभेपुर गांव निवासी शिक्षक एवं भोजपुरी गायक शेखर सुमन की गंडक नदी में डूबने से मौत हो गई। शेखर सुमन, उपेंद्र राय के पुत्र थे। वे नगड़ा प्रखंड के कोरेया उच्च माध्यमिक विद्यालय में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे और भोजपुरी गायन के क्षेत्र में भी अपनी पहचान रखते थे।

बताया जाता है कि मंगलवार को स्कूल की छुट्टी के बाद शेखर गड़खा में फिजियोथेरेपी कराने गए थे। इसके बाद उन्होंने अपने चालक विकास कुमार को बसंतपुर कटसा में उतार दिया और स्वयं चार पहिया वाहन से रेवा घाट पुल पहुंचे। पुल के समीप उनकी कार मिलने के बाद गंडक नदी में छलांग लगाने की आशंका जताई गई।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ। सीओ निर्मला कुमारी के प्रयास से SDRF की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गंडक नदी से शेखर सुमन का शव बरामद किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया।

परिजनों के अनुसार, कुछ समय पूर्व हुए ट्रक-बाइक हादसे में शेखर के पैर और जांघ में चोट लगी थी। उनके भाई पंकज कुमार ने बताया कि हादसे के बाद से वह काफी तनाव में थे। शेखर चार भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित थे।

शव घर पहुंचते ही मचा कोहराम:

पोस्टमार्टम के बाद जब शेखर सुमन का शव शोभेपुर स्थित उनके घर पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना मिलते ही राजद जिलाध्यक्ष सुनील राय, विद्यालय के शिक्षक साथी, भोजपुरी गायक आलम राज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण, कलाकार और शुभचिंतक उनके घर पहुंचे तथा परिजनों को ढांढस बंधाया।

शेखर सुमन के निधन से शिक्षा जगत और भोजपुरी संगीत जगत में शोक की लहर है।