गंडक नदी में संभावित बाढ़ को लेकर माधोपुर पंचायत में अलर्ट, लाउडस्पीकर से ग्रामीणों को किया जा रहा जागरूक

रमण सिंह, तरैया, सारण। गंडक नदी में संभावित बाढ़ के मद्देनजर माधोपुर पंचायत में ग्रामीणों को सजग एवं सतर्क रहने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। माधोपुर पंचायत के मुखिया सह पंचायती राज प्रकोष्ठ के महासचिव सुशील सिंह के नेतृत्व में गांवों में लाउडस्पीकर के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर लोगों को संभावित बाढ़ को लेकर सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

प्रचार-प्रसार के दौरान ग्रामीणों से नदी के जलस्तर और प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में सतर्क रहने को कहा जा रहा है। साथ ही लोगों को अफवाहों से बचने और बिना पुष्टि के किसी भी तरह की सूचना पर विश्वास नहीं करने की अपील की गई है।

मुखिया सुशील सिंह ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि संभावित बाढ़ को लेकर सभी लोग सावधानी बरतें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर ग्रामीणों को जागरूक करने का कार्य लगातार जारी रहेगा।

वहीं, पंचायत में लाउडस्पीकर के माध्यम से हो रहे प्रचार-प्रसार से ग्रामीणों में संभावित बाढ़ को लेकर जागरूकता बढ़ रही है।