रूपेश मिश्रा, बारसोई/कटिहार। आबादपुर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अनुपनगर गांव में छापेमारी कर 14.646 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 12 पीस चीलम और 1,380 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को आबादपुर थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना मिली थी कि अनुपनगर गांव में एक व्यक्ति अपने घर एवं दुकान से अवैध मादक पदार्थ की तस्करी कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विधिवत छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस बल के सहयोग से पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान बादल दास, पिता युधिष्ठिर दास, निवासी अनुपनगर, थाना आबादपुर, जिला कटिहार के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस ने उसके घर एवं दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 14.646 किलोग्राम गांजा, 12 पीस चीलम और 1,380 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। मामले में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।










