तीन साल से खड़े ट्रक की नंबर प्लेट पर उठे सवाल, ग्रामीणों ने पुलिस से जांच की मांग की

News4Bihar |रूपेश मिश्रा,कटिहार/कोढ़ा। कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के दक्षिणी सिमरिया पंचायत के वार्ड संख्या-13 स्थित शिवादीह गांव में शंकर भगवान मंदिर के पास पिछले करीब तीन वर्षों से खड़े एक ट्रक को लेकर ग्रामीणों ने संदेह जताया है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से वाहन के दस्तावेज और नंबर प्लेट की गंभीरता से जांच कराने की मांग की है।

 

ग्रामीणों के अनुसार, उक्त ट्रक को राहुल सिंह, पिता बिजेंद्र सिंह, निवासी लक्ष्मण छपरा, बलिया द्वारा यहां रखा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रक की नंबर प्लेट पर मूल नंबर के ऊपर दूसरा नंबर चिपकाकर अलग रजिस्ट्रेशन नंबर प्रदर्शित किया जा रहा है।

बताया गया है कि वाहन का मूल रजिस्ट्रेशन नंबर JH10 BJ 2261 है, जबकि वर्तमान में ट्रक पर JH02 AQ 3277 नंबर प्रदर्शित होने की बात कही जा रही है। नंबर प्लेट में कथित अंतर के कारण ग्रामीणों के बीच वाहन को लेकर संदेह बढ़ गया है।

पहले भी पुलिस को दी गई सूचना

ग्रामीणों का कहना है कि मामले की जानकारी पूर्व में भी पुलिस को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक वाहन की स्थिति को लेकर स्पष्ट जांच नहीं हो सकी है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ट्रक के मूल दस्तावेज, वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर और नंबर प्लेट की जांच कर वाहन का सत्यापन कराया जाए। साथ ही यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाए।

फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत के बाद ट्रक की नंबर प्लेट और दस्तावेजों की वास्तविकता जांच का विषय बनी हुई है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वाहन के नंबर को लेकर लगाए जा रहे आरोपों में कितनी सच्चाई है।