News4Bihar | रूपेश मिश्रा, कटिहार: प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन मकानों को जल्द पूरा कराने के लिए कटिहार नगर निगम ने 15 दिवसीय विशेष ‘आवास पूर्ण महाअभियान’ शुरू किया है। सोमवार से शुरू हुए इस अभियान का उद्देश्य नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 45 तक लाभार्थियों से सीधा संवाद कर आवास निर्माण की जमीनी प्रगति की समीक्षा करना और अधूरे पड़े कार्यों में तेजी लाना है।
पहले दिन वार्ड 39 और 41 में हुई समीक्षा
अभियान के पहले दिन वार्ड संख्या 39 और 41 में लाभार्थियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वार्ड 39 के पार्षद बिपीन बिहारी चौबे तथा वार्ड 41 के पार्षद प्रतिनिधि शौराव मालाकार मौजूद रहे।
इस दौरान नगर आयुक्त संतोष कुमार ने लाभार्थियों से एक-एक कर बातचीत की और आवास निर्माण में आ रही परेशानियों की जानकारी ली। पहली या दूसरी किस्त की राशि मिलने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं करने अथवा अधूरा छोड़ने वाले लाभार्थियों को जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया गया।
नगर आयुक्त ने कहा कि HFA 1.0 के तहत स्वीकृत आवासों को सितंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने का विभागीय आदेश है। उन्होंने लाभार्थियों से सितंबर के प्रथम सप्ताह तक निर्माण कार्य पूरा कराने की अपील की, ताकि सरकार से मिलने वाली शेष सहायता राशि समय पर उनके खातों में भेजी जा सके।
देरी करने पर प्रभावित हो सकती है आगे की सहायता
नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि जिन लाभार्थियों ने किस्त की राशि प्राप्त करने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है, वे बिना किसी देरी के काम प्रारंभ करें। सितंबर के बाद आवास निर्माण पूरा करने वाले लाभार्थियों को आगे की वित्तीय सहायता प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।
15 दिनों में सभी 45 वार्डों तक पहुंचेगी टीम
नगर निगम का यह विशेष अभियान HFA 1.0 के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अगले 15 दिनों में टीम नगर निगम क्षेत्र के सभी 45 वार्डों में पहुंचकर लाभार्थियों से संवाद करेगी।
अभियान के दौरान लाभार्थियों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के साथ-साथ आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक अधूरे आवासों को समय सीमा के भीतर पूरा कराकर ‘सबके लिए आवास’ के लक्ष्य को धरातल पर साकार किया जा सके।










