घर में युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, गले पर निशान और सिर पर चोट; जमीन विवाद व प्रेम प्रसंग समेत कई एंगल पर जांच

News4Bihar | भगवानपुर हाट। थाना क्षेत्र के माघर पाण्डेय मोड़ स्थित एनएच-227ए के किनारे रविवार रात एक युवक की घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कृष्णा प्रसाद सोनी के पुत्र सौरभ कुमार उर्फ बिटू सोनी के रूप में हुई है।

सोमवार सुबह परिजन जब उसके कमरे में पहुंचे तो सौरभ मृत अवस्था में मिला। परिजनों के अनुसार उसके गले पर दबाव के निशान और सिर पर चोट के निशान थे। वहीं घटनास्थल से मोबाइल गायब होने की बात भी सामने आई है। घटना के समय घर में मृतक के अलावा उसके माता-पिता और दो छोटे बच्चे मौजूद थे।

जमीन विवाद को लेकर परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक की मां कुंती देवी ने जमीन विवाद को लेकर अपने पट्टीदारों पर हत्या की आशंका जताई है। वहीं पिता कृष्णा प्रसाद सोनी ने बताया कि करीब 11 धुर जमीन को लेकर उनके भाइयों से लंबे समय से विवाद चल रहा है। इस मामले में पहले भी मारपीट और मुकदमेबाजी हो चुकी है।

परिजनों का कहना है कि रात में सभी लोग खाना खाने के बाद सो गए थे। घटना कब और कैसे हुई, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी।

कमरे की कुंडी टूटी मिली, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही भगवानपुर हाट थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया। कमरे के अंदर से लगी कुंडी टूटी हुई मिली।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया।

आक्रोशित लोगों ने NH-227A किया जाम

घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने मृतक के घर के सामने एनएच-227ए पर टायर जलाकर तथा बांस और मोटरसाइकिल लगाकर सड़क जाम कर दिया।

माघर बाजार में मृतक की सोने-चांदी की दुकान थी। घटना के विरोध में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर सड़क जाम कर दिया। कई घंटे तक जाम रहने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रेम प्रसंग के पहलू की भी जांच

परिजनों और रिश्तेदारों ने पुलिस को बताया कि सौरभ एक युवती से बातचीत करता था। इसके बाद पुलिस ने जमीन विवाद के साथ-साथ प्रेम प्रसंग के एंगल को भी जांच में शामिल किया है। हालांकि अभी तक हत्या के कारण या किसी आरोपी की पुष्टि नहीं हुई है।

आक्रोशित परिजनों ने वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। सूचना पर पहुंचे एसडीपीओ अमन ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।

काफी समझाने-बुझाने और स्थानीय ग्रामीणों एवं रिश्तेदारों की पहल के बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमत हुए। इसके बाद शव को सीवान सदर अस्पताल भेजा गया।

पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि युवक का शव कमरे में संदिग्ध परिस्थिति में मिला है। प्रथम दृष्टया गले पर निशान और सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस जमीन विवाद, प्रेम प्रसंग और अन्य सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

 

इकलौते भाई की मौत से बहनों का रो-रोकर बुरा हाल

सौरभ दो बहनों का इकलौता भाई था। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। भाई की मौत की सूचना मिलते ही दोनों मायके पहुंचीं। शव देखते ही दोनों बहनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और अब पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।