कटिहार में केंद्रीय योजनाओं की निगरानी के लिए बनी विशेष कमेटी, गुणवत्ता और रफ्तार पर रहेगी नजर

News4Bihar। रूपेश मिश्रा | कटिहार संसदीय विकास समिति के अंतर्गत कटिहार विधानसभा क्षेत्र की महत्वपूर्ण बैठक सद्भावना भवन, गामी टोला स्थित सांसद तारिक अनवर के आवासीय कार्यालय परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने की। इस दौरान क्षेत्र में संचालित केंद्रीय प्रायोजित योजनाओं की प्रगति, कार्यान्वयन और गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की गई।

 

बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं, कार्य की गति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर चर्चा हुई। अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के स्तर पर योजनाओं को समय पर पूरा कराने और आम लोगों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।

योजनाओं की निगरानी के लिए विशेष कमेटी गठित

केंद्रीय योजनाओं की गुणवत्ता और कार्य की रफ्तार पर लगातार नजर रखने के लिए एक विशेष निगरानी कमेटी का गठन किया गया है। कांग्रेस नेता कुमार गौरव को कमेटी का संयोजक बनाया गया है। कमेटी क्षेत्र में चल रही योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का भी आकलन करेगी।

लापरवाही मिलने पर संबंधित स्तर पर दी जाएगी जानकारी

सांसद प्रतिनिधि सुनील कुमार यादव ने कहा कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा में होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विशेष कमेटी योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी लेगी और जहां भी कार्य में कमी या लापरवाही सामने आएगी, उसकी सूचना संबंधित स्तर तक पहुंचाई जाएगी।

सांसद तारिक अनवर के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में दिलीप विश्वास, प्रो. विनोद यादव, मोहम्मद जुबैर आलम, निरंजन पोद्दार, मतलूब हुसैन, विनय मंडल, मोहम्मद बसीर, अर्जुन उड़ाव, सीताराम केवट, कुमार गौरव, अरुण प्यासा, मेजर जमाल, पप्पू कश्यप, मोहम्मद असलम, मोहम्मद रियाज, कन्हैया उड़ांव, विष्णु उड़ाव, मोहम्मद सलीम, कमरान साहब समेत कई कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।