सारण | रमण सिंह, News4Bihar : तरैया थाना क्षेत्र के मुरलीपुर गांव के समीप गंडक नहर से रविवार सुबह एक युवती का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं, जिससे युवती की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने के बाद तरैया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शनिवार को ही मुरलीपुर से एक युवती के अपहरण को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। ऐसे में बरामद शव को उक्त मामले से जोड़कर भी जांच की जा रही है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मढ़ौरा एसडीपीओ संजय कुमार सुधांशु और मसरख इंस्पेक्टर इंद्रजीत महतो तरैया थाना पहुंचे। अधिकारियों ने थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप के साथ मामले के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की और जांच की प्रगति की जानकारी ली।
मृतका की मां ने स्थानीय निवासी मंटू राय पर अपहरण का आरोप लगाया है। साथ ही, उन्होंने थाने के एक चौकीदार की कथित संलिप्तता का भी आरोप लगाया है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
वहीं, युवती के साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने कहा कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
नोट: पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।










