नगरा में संत रविदास की 650वीं जयंती पर समरसता संकल्प अभियान का हुआ आयोजन

News4Bihar | नगरा।श्री गुरु संत रविदास जी की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर नगरा प्रखंड क्षेत्र में समरसता संकल्प अभियान सह कलश यात्रा का आयोजन किया गया.इसी क्रम में प्रखंड मुख्यालय परिसर से पंचायतों के लिए एक वाहन को रवाना किया गया. अभियान के माध्यम से प्रखंड की विभिन्न पंचायतों के महादलित टोलों में लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने के साथ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा.अभियान के तहत 18 से 20 अगस्त तक कलश यात्रा आयोजित की गई है ,जिसमें कलश यात्रा के बाद प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के महादलित टोलों में श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर का आयोजन किया जाएगा ,माइक्रो प्लान के अनुसार प्रत्येक गुरुवार को शिविर लगाया जाएगा.इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जाएगा.वहीं शिविर में पूर्व से प्राप्त आवेदनों का निष्पादन करने के साथ पात्र लाभुकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने तथा निर्धारित एंटाइटलमेंट का वितरण किया जाएगा. साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी लेकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान की दिशा में भी पहल की जाएगी.यह अभियान 15 फरवरी 2027 तक चलेगा. अभियान का उद्देश्य महादलित टोलों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने, लोगों को उनके अधिकार एवं सुविधाओं के प्रति जागरूक करने तथा सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है.प्रखंड मुख्यालय से वाहन रवाना किए जाने के अवसर पर बीडीओ अनुभव कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी आकाश कुमार, प्रखंड समन्वयक अरुण कुमार, विकास मित्र पंकज राम, उमेश राम, सुनील राम, आशा देवी, उषा देवी, सुशीला देवी एवं सुनीता देवी सहित अन्य मौजूद रहे.