News4Bihar | मढ़ौरा। सावन के पावन महीने में भगवान भोलेनाथ की भक्ति को लेकर मढ़ौरा से कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ। तेजपुर पंचायत के शिवगढ़ से करीब 50 से 60 शिवभक्तों का जत्था बाबा धाम के लिए रवाना हुआ। कांवरियों में बाबा के दर्शन और जलाभिषेक को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कांवरियों के इस जत्थे का नेतृत्व तेजपुर पंचायत के मुखिया परमात्मा राय कर रहे हैं। रवाना होने से पहले शिवभक्तों ने भगवान भोलेनाथ का स्मरण कर यात्रा की सफलता की कामना की और बोल बम के जयकारों के साथ बाबा धाम की ओर प्रस्थान किया।
मुखिया परमात्मा राय ने बताया कि वे प्रत्येक वर्ष पंचायतवासियों के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम जाते हैं। बाबा के दरबार में पहुंचकर वे अपने पंचायत सहित पूरे प्रखंड की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं।
उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना है कि क्षेत्र के सभी लोग स्वस्थ और खुशहाल रहें तथा समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव कायम रहे।
कांवरियों के रवाना होने के दौरान पूरा माहौल भक्ति और शिवमय नजर आया। श्रद्धालुओं के जयघोष से वातावरण गूंज उठा। जत्थे के बाबा धाम पहुंचने के बाद भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर क्षेत्र की खुशहाली के लिए प्रार्थना की जाएगी।
बोल बम के जयघोष के साथ मढ़ौरा से बाबा धाम की ओर बढ़ा शिवभक्तों का जत्था।










