भटगाईं पंचायत में नल-जल आपूर्ति बाधित

तरैया, सारण। भटगाईं पंचायत के वार्ड संख्या-11 में मोटर जल जाने के कारण बीते 9 अगस्त से नल-जल आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। इससे वार्ड के डेढ़ सौ से अधिक घरों में रहने वाले लोगों को पेयजल के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार, सात निश्चय योजना के तहत घर-घर नल से पानी मिलने की व्यवस्था के लोग अब अभ्यस्त हो चुके हैं। सुबह-शाम नियमित जलापूर्ति होने से परिवार अपनी जरूरत के अनुसार पानी संग्रह कर लेते थे। लेकिन मोटर खराब होने के बाद यह व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है।

वार्ड सदस्य की ओर से PHED के स्थानीय कनीय अभियंता को इसकी आधिकारिक सूचना दी जा चुकी है। बताया जा रहा है कि विभाग के अधिकृत तकनीकी सहायक ने जले हुए मोटर की जांच भी कर ली है। हालांकि, PHED कर्मियों के हड़ताल पर रहने के कारण मोटर की मरम्मत या उसे बदलने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।

जलापूर्ति बंद होने से ग्रामीण अब अपने पुराने हैंडपंपों का सहारा लेने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द मोटर की मरम्मत कराकर नल-जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि वार्डवासियों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।