अररिया में निगरानी का बड़ा एक्शन: उद्योग विभाग के महाप्रबंधक 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

 अररिया: जिले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को कथित तौर पर 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई अररिया शहर स्थित उनके आवास पर की गई।

जानकारी के अनुसार, करीब 17 लाख रुपये की मशीन उपलब्ध कराने के एवज में 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग किए जाने की शिकायत निगरानी विभाग से की गई थी। शिकायतकर्ता मो. कमरे आलम ने इस संबंध में निगरानी विभाग को आवेदन दिया था।

शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने कार्रवाई की। टीम ने अररिया शहर स्थित महाप्रबंधक के आवास पर पहुंचकर कथित रूप से रिश्वत की राशि 50 हजार रुपये के साथ अनिल कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ में जुटी है।

मामले को लेकर निगरानी डीएसपी सतीश चंद्र माधव ने कार्रवाई की जानकारी दी है।