News4Bihar | रांची : झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के विरोध में छात्रों का आंदोलन 14वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन के समर्थन में आईसा (ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा रांची पहुंचीं। इस दौरान आईसा कार्यकर्ताओं ने विधानसभा तक मार्च निकाला।
विधानसभा मार्च के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब हंगामे के बीच नेहा बोरा पर किसी ने स्याही फेंक दी। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि पुलिस और मौजूद लोगों ने स्थिति को नियंत्रित किया।
आईसा ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक विरोध की भावना पर हमला बताया। संगठन का कहना है कि छात्र जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और छात्रों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
फिलहाल स्याही फेंकने वाले व्यक्ति की पहचान और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि छात्र संगठनों ने आंदोलन जारी रखने की बात कही है।










