छपरा में प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

● दीप प्रज्वलन के साथ हुआ उद्घाटन, स्काउट-गाइड के माध्यम से सेवा, अनुशासन एवं नेतृत्व के संस्कार विकसित करने पर दिया गया बल

छपरा : भारत स्काउट एवं गाइड, सारण के तत्वावधान में गुरुवार को संत जोसफ एकेडमी, नेवाजी टोला (छपरा) में प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। शिविर का विधिवत उद्घाटन विद्यालय की प्राचार्या सह जिला आयुक्त (रेंजर) रौशनी राय,विद्यालय के प्रबंधक अभिषेक कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह, सरिता सिन्हा तथा शिविर प्रधान *प्रणव सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि भारत स्काउट एवं गाइड केवल एक संगठन नहीं, बल्कि युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास की मजबूत नींव रखता है तथा उन्हें समाज के प्रति उत्तरदायी नागरिक बनने की प्रेरणा देता है।

शिविर प्रधान प्रणव सिंह ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि शिविर के दौरान स्काउट एवं गाइड के नियम-प्रतिज्ञा, ध्वज शिष्टाचार, गांठें एवं बंधन, प्राथमिक उपचार, टोली पद्धति, शिविर कौशल, सेवा कार्य, खेलकूद तथा विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा सेवा भाव का विकास किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में स्काउट एवं गाइड कैडेट उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का संकल्प लिया।