Katihar News | घर को चोरों ने बनाया निशाना, नकद समेत लाखों के जेवरात पर किया हाथ साफ।

News4Bihar | रूपेश मिश्रा, (कटिहार)कटिहार मुफस्सिल थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर नकद राशि और सोने-चांदी के जेवरात सहित कीमती सामान की चोरी कर ली। पीड़िता ने घटना की लिखित शिकायत मुफस्सिल थाना में देकर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलवा वार्ड संख्या-3 निवासी पुनिता सिन्हा उम्र 40 वर्ष पति राजीव सिन्हा तीन अगस्त को अपने घर में ताला लगाकर परिवार के सभी सदस्यों के साथ पश्चिम बंगाल के न्यूजलपाईगुड़ी गई थीं। 6 अगस्त की सुबह करीब 10:30 बजे अपने घर वापस आने पर देखा कि घर का मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ है और घर में चोरी हो गई है और घर के अंदर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था।

पीड़िता का आरोप है कि चोर घर में रखे करीब 72 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, मंगलसूत्र, चेन, सोने की नथिया, मंटीका,चांदी के पायल, बिछिया, कासा के बर्तन, कपड़े और अन्य कीमती आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।

पीड़िता ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।