News4Bihar | सीवान : भगवानपुर हाट प्रखंड क्षेत्र के सारिपट्टी चेवर में बुधवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 25 वर्षीय एक महिला पारिवारिक विवाद के बाद 132 केवी हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
टावर पर महिला के चढ़ते ही जुटी भीड़
महिला के हाईटेंशन टावर पर चढ़ने की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों को आशंका थी कि यदि महिला और ऊपर चढ़ती या बिजली के तारों के संपर्क में आती तो गंभीर हादसा हो सकता था।ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से महिला को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया।
सहसरांव गांव की रहने वाली है महिला
महिला की पहचान भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सहसरांव गांव निवासी स्वर्गीय बिगन मांझी की पुत्री **मूरत देवी** के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2019 में गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिरसा गांव निवासी दीपक मांझी से हुई थी। दंपती के दो पुत्र हैं।
बताया गया कि महिला का पति महाराष्ट्र में राजमिस्त्री का काम करता है। घटना के समय महिला किसी रिश्तेदार के यहां भगवानपुर हाट आई हुई थी।
पति ने लगाया घरेलू विवाद का आरोप
महिला के पति का आरोप है कि उसकी अनुपस्थिति में पत्नी पहले भी दो बार घर छोड़कर चली गई थी। पति के मुताबिक, एक व्यक्ति के साथ रहने की जिद को लेकर दोनों के बीच लगातार विवाद होता था।
फिलहाल हाईटेंशन टावर पर महिला के चढ़ने की घटना के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया है। मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर पूछताछ की जा रही है।










