Bihar Rain Alert: पूरे बिहार में आज बारिश का येलो अलर्ट, इन जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी

पटना। बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में कहीं तेज धूप तो कहीं झमाझम बारिश का दौर जारी है। इसी बीच मौसम विभाग ने रविवार को पूरे बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार राज्य के सभी जिलों में बारिश की संभावना है। इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक, वज्रपात (ठनका) और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है।

 

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में मानसून का असर सबसे अधिक देखने को मिल सकता है। इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

उत्तर और सीमांचल में ज्यादा असर

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर बिहार और सीमांचल के जिलों में बारिश की गतिविधियां अधिक सक्रिय रहेंगी, जबकि दक्षिण बिहार के अधिकांश जिलों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने की संभावना है। हालांकि यहां भी कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक हो सकती है।

लोगों के लिए जरूरी सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश और वज्रपात के दौरान खुले मैदान, पेड़ों या बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। किसान खेतों में काम करते समय विशेष सावधानी बरतें और मौसम खराब होने पर तुरंत सुरक्षित स्थान पर चले जाएं। अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें।