छपरा, 25 जुलाई 2026। जिले में विधि-व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल कायम रखने के उद्देश्य से शनिवार को जिला दंडाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के संयुक्त नेतृत्व में छपरा शहर के खनुआ नाला क्षेत्र में एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत छपरा शहर के पूर्वी से पश्चिमी क्षेत्र तक व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया। मार्च के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से शांति, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों से कहा गया कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को दें।
जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। असामाजिक तत्वों, उपद्रवियों तथा कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त और त्वरित कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
फ्लैग मार्च में ग्रामीण पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), सदर डीसीएलआर सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अन्य वरीय अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।










