तरैया (सारण): तरैया प्रखंड मुख्यालय और बाजार क्षेत्र में जलजमाव की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। तरैया–मढ़ौरा, तरैया–अमनौर और तरैया–देवरिया मुख्य सड़कों पर बारिश के बाद पानी जमा रहने से आम लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति तब और चिंताजनक हो जाती है, जब तरैया–मढ़ौरा सड़क के दोनों ओर नालियों का निर्माण होने के बावजूद जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो पा रही है। सभी सड़कें सीमेंटेड (आरसीसी) होने के बावजूद जलजमाव की समस्या सार्वजनिक निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और योजना पर सवाल खड़े कर रही है।
इस गंभीर समस्या को लेकर गत मंगलवार को विधानसभा के शून्यकाल में याचिका समिति के अध्यक्ष सह तरैया विधायक जनक सिंह ने स्टेट हाईवे-104 और स्टेट हाईवे-73 पर हो रहे जलजमाव का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने सरकार का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में यही स्थिति बन जाती है, जिससे यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। लोगों का मानना है कि सार्वजनिक निर्माण कार्यों में जनभागीदारी और बेहतर निगरानी सुनिश्चित की जाए तो ऐसी समस्याओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। साथ ही इससे सरकारी धन का बेहतर और जनहितकारी उपयोग भी सुनिश्चित होगा।










