25 जुलाई के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर सारण में प्रशासन अलर्ट, DM-SP के नेतृत्व में निकला फ्लैग मार्च

  □ प्रशासन ने कहा- शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतांत्रिक अधिकार, लेकिन कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

छपरा/सारण। 25 जुलाई 2026 को कुछ राजनीतिक दलों द्वारा प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए सारण जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा एवं विश्वास का माहौल कायम रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के नेतृत्व में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला गया।

फ्लैग मार्च नगर थाना चौक से शुरू होकर नगरपालिका चौक, सरकारी बस स्टैंड, दरोगा राय चौक और हॉस्पिटल चौक होते हुए पुनः नगर थाना चौक पहुंचा। इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

शांतिपूर्ण प्रदर्शन नागरिकों का अधिकार : जिलाधिकारी

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण और विधिसम्मत विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। हालांकि, कानून को हाथ में लेने, सार्वजनिक या निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, यातायात और जनजीवन बाधित करने तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भड़काऊ, अफवाहपूर्ण या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने की अनुमति किसी भी परिस्थिति में नहीं दी जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त और विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

 

अफवाहों से बचने और अपुष्ट खबरें शेयर नहीं करने की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाओं का प्रसार न करें। प्रशासन ने लोगों से शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

प्रशासन के अनुसार, जिले में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और पूरे जिले की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।